बिहार के समस्तीपुर जिले में एक महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। 19 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे अंकिता ने अपनी मां द्रौपती देवी को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। वह रो रही थी और ससुराल में अपनी जान को खतरा बताते हुए मां से जल्द आने की गुहार लगाई थी।
अंकिता ने कहा था कि उसे ससुराल में सुरक्षित नहीं लगता। द्रौपती देवी ने उसे अगले दिन अपने साथ ले जाने का आश्वासन दिया। लेकिन रात करीब दो बजे अंकिता के पति मो. आरजू ने फोन कर उसकी मौत की जानकारी दी। इस घटना के बाद अंकिता के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन अंकिता की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
