लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुंजी गांव में रविवार रात एक नवविवाहित दंपति की आग से झुलसने के बाद मौत हो गई। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय अजित उरांव और उसकी 20 वर्षीय पत्नी बाल्मीकि उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रात करीब आठ बजे अजित ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और दोनों पति-पत्नी एक ही कंबल में लिपट गए, जिसके बाद कंबल पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
इस घटना से घबराए परिजनों ने शोर मचाया और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, जहां दोनों गंभीर रूप से झुलसे हुए मिले। उन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां अजित की मौत हो गई, जबकि बाल्मीकि को गंभीर स्थिति में रिम्स, रांची रेफर किया गया। रिम्स में उपचार के दौरान बाल्मीकि ने भी दम तोड़ दिया।
एक साल पहले हुई थी शादी
यह दंपति पिछले साल शादी के बंधन में बंधा था। इस दुखद घटना ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस अप्रत्याशित घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
