कुमारी पलक भगत का भारतीय अंडर-19 महिला टीम में चयन
झारखंड की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर कुमारी पलक भगत को भारतीय अंडर-19 महिला टी20 और वनडे टीम में शामिल किया गया है। आगामी श्रीलंका दौरे में वह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। पलक के चयन से रांची और पूरे झारखंड में खुशी की लहर है। ओरमांझी में रहने वाली पलक भगत रांची की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर बनने जा रही हैं। इससे पहले, रांची को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दुनिया में पहचान दिलाने का श्रेय पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को जाता है। अब पलक महिला क्रिकेट में अपने शहर का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
झारखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा
पलक भगत का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन झारखंड की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा बन गया है। खेल जगत से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि राज्य की युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। सभी की नजरें अब श्रीलंका के खिलाफ होने वाली श्रृंखला में पलक के प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं।
