सिमडेगा: महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण पुलिस ने झारखंड के सिमडेगा से जुड़े एक बड़े अफीम तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। नागपुर की नारकोटिक्स विरोधी टीम और उमरेड थाना पुलिस ने मिलकर सिमडेगा के एक होटल संचालक के निवास पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में अफीम, नकद और तस्करी में प्रयुक्त सामान बरामद हुआ है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 68 लाख 83 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
ट्रक चालक की गिरफ्तारी से शुरू हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 को नागपुर ग्रामीण की नारकोटिक्स टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान एक ट्रक चालक की गतिविधियाँ संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें 237.17 ग्राम अफीम मिली। इसके बाद उमरेड पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सिमडेगा का जिक्र
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसने बताया कि उसने यह अफीम झारखंड के सिमडेगा स्थित होटल अंतरा से खरीदी थी। आरोपी ने यह भी कहा कि उसके कई साथी भी उसी स्थान से अफीम खरीदते हैं।
इस जानकारी के बाद, नागपुर ग्रामीण की एनडीपीएस टीम और उमरेड थाना पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी को साथ लेकर 24 मई को टीम सिमडेगा पहुँची। सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर सिमडेगा थाना और टी. टांगर थाना पुलिस की मदद से गुप्त जांच शुरू की गई।
होटल संचालक की पहचान और छापेमारी
जांच के दौरान आरोपी ने होटल अंतरा के मालिक मनीष कुमार की पहचान की। मनीष कुमार भंडारटोली का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उसी व्यक्ति ने उसे अफीम बेचा था। इसके बाद संयुक्त टीम ने मनीष कुमार के घर पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई अफीम बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर कई महत्वपूर्ण सामान भी जब्त किए।
नकद और बिक्री के सामान की बरामदगी
छापेमारी के दौरान पुलिस को अफीम की खुदरा बिक्री में प्रयुक्त कई सामान मिले, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, पारदर्शी प्लास्टिक पॉलिथीन और रबर बैंड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, घर से 23 लाख 35 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस कर रही नेटवर्क की गहन जांच
पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सिमडेगा से अन्य राज्यों में अफीम की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
