पलामू: पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक किशोरी का अपहरण कर लिया गया। किशोरी खेत से घर लौट रही थी, तभी तीन युवकों ने उसे सुनसान जगह ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने महिला एवं बाल संरक्षण थाना हुसैनाबाद में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

जबरन कार में बैठाया था आरोपियों ने

पुलिस ने बताया कि 17 मई की रात किशोरी अपने खेत से लौट रही थी, तभी सफेद कार में आए युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया। आरोपियों ने किशोरी का मुंह दबाकर उसे कार के अंदर खींच लिया और फिर घटना को अंजाम दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने युवकों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

एक संदिग्ध के कार में मिली थी किशोरी

जब किशोरी के परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, तो उन्हें एक संदिग्ध कार में किशोरी दिखाई दी। आसपास के लोगों ने इस पर ध्यान दिया और आरोपियों को देखकर वे वहां से भाग खड़े हुए। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

दी जा रही है केस वापस लेने की धमकी

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी उन्हें फोन करके केस वापस लेने की धमकी दे रहे हैं। थाना प्रभारी मुन्नी कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।