22 को बादल के बाद 23 जनवरी से फिर हो सकती है बारिश, बढ़ेगी ठंड
रांची। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने इसकी चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ ने दस्तक दे दी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड आदि पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसका असर झारखंड में भी दिखेगा। मौसम विभाग रांची के अनुसार, आगामी 22 जनवरी से राजधानी रांची सहित झारखंड के अन्य इलाकों में बादल छाने लगेंगे। वहीं, 23 जनवरी से झारखंड में बारिश शुरू होने की संभावना है। इधर, झारखंड में इस समय सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लेकिन दिन में तेज धूप खिलने से लोगों को राहत भी मिल रही है। पिछले कई दिनों से बादल छाने और बारिश होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई थी। अब मौसम साफ होने पर लोग धूप का आनंद ले रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को न्यूनतम तापमान में रविवार के मुकाबले 3.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अगले तीन-चार दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के कई इलाकों रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह, कोडरमा में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अभी सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ेगी। हालांकि, दिन में मौसम साफ रहेगा। वहीं, कोहरे और धुंध में भी कमी आई है। अगले तीन से चार दिनों तक हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!