टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष की पत्नी का निधन

जमशेदपुर: टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी टुन्नू की पत्नी रेणुका चौधरी का शनिवार की शाम निधन हो गया। 50 वर्षीय रेणुका का इलाज गुड़गांव स्थित मेदांता हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां उन्होंने लगभग चार बजे अंतिम सांस ली। उन्हें फरवरी में हृदयाघात हुआ था और इसके बाद कोलकाता के रविंद्र नाथ टैगोर हॉस्पिटल में सर्जरी की गई थी। सर्जरी के बाद उन्हें संक्रमण हो गया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में रेफर किया गया था। रेणुका चौधरी अपने पीछे पति और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं।

यूनियन ने बुलाई आपात बैठक

अध्यक्ष की पत्नी के निधन की खबर सुनते ही यूनियन और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। यूनियन के पदाधिकारियों ने शाम में एक आपात बैठक बुलाई, जहां शोक संवेदना व्यक्त की गई। डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को शहर लाने की सभी तैयारियां की जा रही हैं। कंपनी की दिल्ली स्थित रेजिडेंशियल ऑफिस भी इस स्थिति में सक्रिय है। रविवार को एयर एंबुलेंस के माध्यम से शव को रांची लाया जाएगा, और वहां से एंबुलेंस द्वारा शहर लाया जाएगा। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।

इंटक के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष की शोक संवेदना

इधर, इंटक के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू) की पत्नी के असामयिक निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।