Table of Contents
रांची में बड़ी चोरी का मामला, चोरों ने 16.2 किलो चांदी के जेवर चुराए
रांची: रातू रोड़ पर स्थित न्यू किरण ज्वेलर्स में एक संगठित चोरी की वारदात सामने आई है, जिसमें चोरों ने 16.2 किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए। आश्चर्य की बात यह है कि चोरों ने दुकान में रखे सोने के जेवर पर हाथ नहीं डाला। यह घटना बुधवार की सुबह करीब 3 बजे हुई, जब चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
चोरी गई संपत्ति और CCTV फुटेज की जांच
दुकान से चोरी गए जेवर की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि एक चोर दुकान के अंदर घुसकर मुंह में टॉर्च लगाकर गहनों की तलाश करता हुआ नजर आ रहा है। फुटेज में अन्य करीब छह चोर दुकान के बाहर पहरेदारी करते दिखाई दे रहे हैं। चोरी करने से पहले चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीव कैमरे को ऊपर की ओर मोड़ दिया था ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके।
पुलिस कार्रवाई और जांच की जानकारी
घटना की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक ने सुखदेव नगर थाना को सूचित किया। थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
इलाके की सुरक्षा पर उठे सवाल
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि पुलिस इस मामले की हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। यह घटना थाना से महज कुछ दूरी पर हुई है, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंतन करने को मजबूर कर दिया है। पुलिस जल्दी ही चोरों को पकड़ने और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रयास तेज कर रही है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!