📌 गांडीव लाइव डेस्क:

झारखंड के दुमका जिले से एक दुखद घटना की जानकारी सामने आई है। यहाँ, एक स्टेज परफॉर्मर युवती को कुछ युवकों ने अपने जाल में फंसाया और उसके साथ नृशंस दुष्कर्म किया। यह घटना हंसडीहा थाना क्षेत्र में घटित हुई। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि उसे डांडिया कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था।

पीड़िता ने दिया आवेदन

पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि वह देवघर में एक किराए के मकान में रहती है और स्टेज प्रोग्राम के माध्यम से अपनी जीविका चलाती है। घटना का समय 28 सितंबर को बताया गया है। एक युवक, सौरभ कुमार ने उसे फोन करके हंसडीहा में कार्यक्रम करने के लिए बुलाया। सौरभ, राजन राज और पारस राज यादव ने उसे सफेद रंग की कार (JH 15 AF 4591) में बैठाकर हंसडीहा ले गए।

वहाँ पहुंचने पर, युवती ने देखा कि उसके साथ कोई दूसरी कलाकार नहीं है। जब उसे अहसास हुआ कि वह धोखे से लायी गई है, तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने उसके साथ अश्लील वीडियो भी बनाया और उसे जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस का बयान

हंसडीहा थाना प्रभारी, ताराचंद ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। साथ ही, मेडिकल जांच के लिए युवती को अस्पताल भेजा गया है, और शनिवार को उसका बयान न्यायालय में दर्ज किया जाएगा।