चाईबासा: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को चाईबासा जेल में स्थानांतरित किया जा रहा है। इस संबंध में जेल आईजी कार्यालय से आदेश जारी कर दिया गया है। रिया सिन्हा को रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से चाईबासा मंडल कारा में भेजने का निर्णय लिया गया है।

रिया सिन्हा वर्तमान में रांची जेल में बंद हैं। उन पर कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने और हथियार तस्करी के आरोप हैं। कुछ समय पहले रांची पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने रिया सिन्हा के चाईबासा जेल स्थानांतरण की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें जल्द ही चाईबासा जेल भेजा जाएगा।

प्रिंस खान के साथ मिलीभगत के आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, रिया सिन्हा झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी हैं और उनके जेल जाने के बाद गिरोह की गतिविधियों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अक्टूबर 2025 में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े कुछ अपराधियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि रिया सिन्हा सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह के बीच समन्वय का कार्य कर रही थीं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था।

साहिबगंज जेल में बंद हैं सुजीत सिन्हा

रिया सिन्हा का पति सुजीत सिन्हा झारखंड का एक कुख्यात अपराधी है। उनके खिलाफ हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वर्तमान में वह साहिबगंज जेल में बंद हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उनकी आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।