रांची। झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा, रांची महानगर के तत्वावधान में सोमवार को एसएसपी कार्यालय का घेराव किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता जताई। खासकर रिम्स की डेंटल छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना और रांची में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुई अमानवीय घटना को लेकर आक्रोश देखने को मिला।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इन घटनाओं को कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा और स्थिति को नियंत्रित किया।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
