लापता लोगों की तलाश जारी, दोपहर तक रेस्क्यू टीम कोे नहीं मिली कोई सफलता
जामताड़ा। वीर गांव स्थित बराकर नदी में गुरुवार की शाम 6 बजे नाव पलट गई। जिससे नदी के बीचोबीच नाव पलटने से सिर्फ चार लोग ही तैर कर सुरक्षित निकले हैं। इसके अलावा शेष नाव में सवार लोग लापता हैं। घटना के बाद गुरुवार की रात में ही एनडीआरएफ की टीम पहुंची, जो ग्रामीणों और मछुआरों की मदद से रेस्क्यू आॅपरेशन चला रही है। लेकिन आज दोपहर तक एक भी लापता लोगों की खोज नहीं की जा सकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जामताड़ा से रोजाना लोग मजदूरी करने या फिर सब्जी बेचने धनबाद के निरसा जाते हैं। ये लोग नाव से ही जाते आते हैं। गुरुवार को भी निरसा के दरबंदिया घाट से नाव शाम 5 बजे वीर गांव के लिए खुली और करीब छह बजे वीर गांव के पास बीच नदी में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों ने बताया कि वीर गांव घाट से दूसरी नाव लेकर बीच नदी में लोग पहुंचे। जिससे चार तैरते लोगों को उठाकर सुरक्षित लाया गया। बचाए गए सभी लोग मझिया गांव के रहने वाले हैं। ग्रामीणों के अनुसार नाव में 20 से 22 लोग सवार थे। इसमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। नाव पर आठ मोटरसाइकिल और साइकिल भी था। लेकिन एनडीआरएफ के रेस्क्यू अभियान के दौरान दोपहर तक कुछ नहीं मिला है। एसडीओ संजय पांडे ने बताया कि घटना के तत्काल बाद रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू कर दिया गया था और देर रात तक आॅपरेशन चलाया गया। लेकिन रात में तेज बारिश और हवा के कारण रेस्क्यू आॅपरेशन रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि आज सुबह छह बजे से प्रशिक्षित गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम आॅपरेशन चला रही है। उन्होंने कहा कि जाल की मदद से भी लापता लोगों की तलाश की जा रही है। लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!