बस और गैस सिलेंडर से लदे ट्रक में भिड़ंत, 15 की मौत

by Aaditya HridayAaditya Hriday
Published: Updated:

20 यात्री घायल, सड़क पर बिखर गए यात्रियों के शव
साहिबगंज से दुमका जा रही थी कृष्णा रजत बस, पडेरकोला के पास घटी घटना

पाकुड़। आज सुबह हुई एक भीषण सड़क हादसे ने 15 लोगों को मौत की नींद सुला दी। दुर्घटना में करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। साहिबगंज से दुमका जा रही बस लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा रोड पर पडेरकोला के पास कृष्णा रजत बस और एलपीजी सिलेंडर्स से भरे ट्रक में टक्कर हो गई। बस में 40 से ज्यादा लोग सवार थे। पाकुड़ एसपी एचपी जनार्दन ने कहा है कि दोपहर तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं। बस के अंदर से लोगों को निकालने का काम अब तक जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग बस के बाहर आकर गिरे और दोनों ही गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। जबकि बस में बैठे कई लोग अंदर ही फंस गए। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस की टीम ने बस की बॉडी काटकर लोगों को बाहर निकाला। दोपहर तक बस का ड्राइवर जिंदा था और बस में ही फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे की जानकारी मिलते ही सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे राहत और बचाव के कार्य में जुट गए। दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

कोहरे के कारण हुआ हादसा
दुर्घटना की जांच करने पहुंचे पुलिस का मानना है कि कोहरे के कारण यह हादसा हुआ है। ट्रक चालक को सामने आती हुई बस नहीं दिखी। उसने सीधे बस में टक्कर मार दी। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय में बस में बैठे लोग सो रहे थे। इस कारण किसी को संभलने तक का समय नहीं मिला।

सीएम हेमंत सोरेन ने दु:ख जताया
इस घटना पर सीएम हेमंत सोरेन ने दु:ख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है पाकुड़ से लिट्टीपाड़ा-आमड़ापाड़ा सड़क दुर्घटना की हृदय विदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दु:ख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। सीएम ने जिला प्रशासन को घायलों को समुचित इलाज प्रदान करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने घटना पर दुख जताया
पाकुड़ के उपायुक्त वरूण रंजन ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मरने वाले लोगों के साथ जिला प्रशासन की गहरी संवेदना है। मरने वाले लोगों के परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। इसके अलावा घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का प्रबंधन किया जा रहा है। दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है।

जिला प्रशासन ने जारी किया नंबर
जिला प्रशासन ने अमड़ापाड़ा में हुई भीषण सड़क हादसे के मद्देनजर कंट्रोल रूम का नंबर जारी किया है। परिजन 06435-222064, 1950 तथा 9262216191 पर किसी भी समय संपर्क कर घटना की जानकारी ले सकते हैं।

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

Your Opinion on this News...

You may also like

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More