झारखंड के विभिन्न इलाकों में बिजली गिरने से बीते दो दिनों में 12 लोगों की मौत हो गई है। धनबाद जिले के बरवद्दा इलाके में बिजली गिरने से एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई। वहीं जमशेदपुर के बाहरागोरा इलाके और गुमला जिले के चिरोदिह इलाके में भी बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। झारखंड सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए बतौर मुआवजा देने का एलान किया है।
झारखंड के लोहरदगा में एक व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हो गई। गुरुवार को भी अलग अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई थी। इनमें चतरा, हजारीबाग, रांची, बोकारो और खूंटी जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं पलामू के हुसैनाबाद में दो लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई। राज्य के एसडीआरएफ विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों में बिजली कड़कने से हुई मौतों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जा सके।
बता दें कि बीते दो दिनों से झारखंड में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है। इसके चलते कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। शुक्रवार को जमशेदपुर में 79 एमएम बारिश हुई। वहीं बोकारो में 52 एमएम, रांची में 5.9 एमएम बारिश हुई। रांची मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि उत्तरी बिहार और उत्तरी ओडिशा से और हरियाणा से सिक्किम के बीच दो टर्फ लाइनों के गुजरने से झारखंड में बिजली कड़कने की घटना हुईं।
शनिवार से मौसम बेहतर हुआ है और बारिश भी कम हुई है। हालांकि पश्चिमी और केंद्रीय जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है लेकिन 28 मई से फिर से तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!