जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर युवक की ट्रेन से गिरने से मौत

जामताड़ा: जामताड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। यह दुर्घटना ऑफलाइन पोल संख्या 251/27 के निकट हुई। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शरीर दो हिस्सों में कट गया। मृतक की पहचान देवघर जिले के बुढ़ई गांव के निवासी मुन्ना शर्मा के रूप में की गई है। मुन्ना कक्षा 9 का छात्र था।

मामा के इलाज के बाद लौट रहा था युवक

मृतक के मामा सरभू शर्मा ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वे रांची में इलाज कराने गए थे। इलाज के बाद मुन्ना अपने मामा के साथ हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से देवघर लौट रहा था। बताया गया कि सुबह मुन्ना शौचालय जाने के बाद ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। इस हादसे में मुन्ना ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद यात्रियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मधुपुर GRP ने शव को कब्जे में लिया

मुन्ना अपने परिवार का बड़ा बेटा था, और उसकी अचानक मृत्यु की खबर से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इसी के साथ, बुढ़ई गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलने पर मधुपुर GRP की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।