शिवम स्टील समूह के फैक्ट्री में गुरुवार की देर शाम 18 वर्षीय कामगार साजन दास की करंट लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक साजन दास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खंडीहा गांव का रहने वाला था. घटना के बाद मौके से फैक्ट्री प्रबंधन के सारे कर्मी फैक्ट्री छोड़ कर भाग गए जबकि घटना की सूचना मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने फैक्ट्री गेट जाम कर दिया है. फैक्ट्री गेट इस दौरान प्रबंधन द्वारा नही खोला गया जिससे ग्रामीणों और मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए. सैकड़ों की संख्या में मौके पर मौजूद लोगो ने गेट जाम रखकर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. इधर घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. इस दौरान थाना प्रभारी विनय राम ने गेट खुलवाने का प्रयास भी किया लेकिन लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ. ग्रामीण मृतक का शव गेट के समीप रखकर मुख्य गेट को जाम किए हुए हैं. फिलहाल फैक्ट्री के बाहर तनावपूर्ण माहौल की स्थिति बनी हुई है. साथ ही पुलिस भी मौके पर मौजूद है. मृतक के परिजनों के साथ ग्रामीण फैक्ट्री प्रबंधन से मुआवजा की मांग कर रहे हैं.
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!