कोरोना के नये वेरियंट से बचाव व रोकथाम के लिए डीसी ने जारी किया गाइडलाइन
अस्पतालों में बेड और आक्सीजन के साथ मरीजों का इलाज के सभी उपाय के निर्देश
रांची। कोविड-19 के वेरियंट बीएफ-7 के मामलों में आए उछाल को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा द्वारा संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम की तैयारियां तेज कर दी गयी है। उपायुक्त ने सभी एतिहातन उपाय के लिए निर्देश जारी किया है। कोविड-19 के संक्रमण से बचाव एवं तैयारी को लेकर जिला स्तर पर गठित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों, सभी अंचल अधिकारियों, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर आयुक्त रांची नगर निगम, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे, रांची मंडल को उपायुक्त द्वारा बचाव एवं रोकथाम से सम्बंधित तैयारी सुनिश्चित करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं।
उत्सवों में सतर्कता बरतने की अपील
अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के पत्र के आलोक में कोविड-19 महामारी के प्रसार को कम करने अथवा महामारी के अत्याधिक प्रसार के संभावित स्थिति को कम करने के लिए आगामी उत्सवों के दौरान सतर्कता एवं निगरानी बरतने के साथ लोक स्वास्थ्य उपायों को सुनिश्चित करने का निदेश उपायुक्त द्वारा दिया गया है।
टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट-वैक्सिनेशन का अनुपालन
उपायुक्त द्वारा टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट-वैक्सिनेशन एवं कोविड अनुरूप व्यवहार का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है। जिसमें मास्क का प्रयोग, हाथ और श्वसन स्वच्छता एवं सामाजिक दूरी का पालन की पांच आयामी रणनीति का अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है।
भारत सरकार के दिशा निर्देश का करना है पालन
भारत सरकार द्वारा जून, 2022 में जारी कोविड-19 के संदर्भ में आपरेशनल गाइडलाइन्स फॉर रिवाईज सर्विलाइंस स्ट्रेटजी इन कॉन्टेक्स आॅफ कोविड-19 का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया है।
मरीज की पहचान होने पर उपचार सुनिश्चित कराना
हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा जिला के अन्य प्रवेश द्वारों पर मरीजों की पहचान के लिए थर्मल स्क्रीनिंग सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही रेंडम सैंपलिंग में किसी मरीज की पहचान होने पर निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्हें आइसोलेट/उपचार कराना सुनिश्चित करने का भी निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया है।
मरीजों के सैंपल को अविलंब रिम्स भेजे
उपायुक्त द्वारा मरीजों एवं संक्रमित मरीज के संपर्क में आये व्यक्तियों का प्रोटोकॉल के अनुरूप कोविड-19 जांच कराना सुनिश्चित करने तथा संक्रमित मरीजों के सैंपल को जिनोम सिकवेन्सिंग कराने के लिए स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड के पत्र के आलोक में रिम्स में भेजना सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।
इंफ्लूंजा बीमारी की नियमित आधार पर करें जांच
सभी स्वास्थ्य केन्द्रों एवं मेडिकल कॉलेजों में इंफ्लूंजा बीमारी की नियमित आधार पर जांच करने तथा मरीजों के शुरूआती बढ़ती प्रवृतियों का पता लगाने के लिये इसकी निगरानी एवं रिपोर्टिंग के लिए आईडीएसपी-आईएसआईपी पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करने का दिशा निर्देश भी दिया गया है। इस तरह के मरीजों का कोविड-19 जांच भी की जाएगी।
अस्पतालों में बेड और आॅक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करे
उपायुक्त द्वारा आरटी-पीसीआर और आरएटी टेस्ट कोविड-19 अन्तर्गत दिए गए दिशानिर्देशों के अनुसार कराना तथा सभी अस्पतालों में क्षमता के अनुरूप बेड और आॅक्सीजन उपलब्ध कराना। इसके साथ ही अस्पतालों में इलाज में उपयोग होने वाले सभी आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है । उपायुक्त द्वारा अस्पतालों में ड्राइ-रन कराकर इसकी जांच करने को कहा गया है।
सभी उपकरणों की जांच कर व्यवस्थित करने का निर्देश
चिकित्सा उपकरणों का जैसे आॅक्सीजन सिलेंडर, फ्लॉमीटर, आॅक्सीजन कंसंट्रेटर, वेंटिलेटर, एलएमओ, पीएसए प्लांट, आॅक्सीजन पाइप लाइन इत्यादि की व्यवस्थित तरीके से काम कर रहे हैं। इसे भी सुनिश्चित करने का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया है। उपायुक्त द्वारा किसी भी प्रकार की चुनौती से निपटने के लिए डिस्टिक कंट्रोल रूम और आॅक्सीजन टास्क फोर्स को सक्रिय करने का निर्देश दिया गया है।
सामुदायिक जागरूकता पैदा करें
कोविड-19 टीकाकरण, कोविड-19 से होनेवाली रूग्णता एवं मृत्यु दर कम करने में प्रभावी साबित हुआ है। इसे लेकर सामुदायिक जागरूकता पैदा करते हुए कोविड-19 टीकाकरण के प्रयासों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!