4 और 5 जनवरी को हो सकती है बारिश, अगले तीन चार दिनों में और गिरेगा पारा
रांची। साल के साथ मौसम का भी मिजाज बदल रहा है। नये साल के आगाज के साथ-साथ मौसम में पछुआ हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। नये साल के साथ-साथ शीतलहर भी आयेगी। बदले मौसम में कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। नये साल के पहले सप्ताह में कहीं कहीं हल्के से मध्य दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया कि चार और 5 जनवरी को राज्य के मध्य भाग रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और खूंटी के साथ दक्षिणी भाग पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूत, सरायकेला और सिमडेगा में हल्के से मध्य दर्ज के बारिश होने की संभावना है। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने बताया कि कांके का तापमान शुक्रवार को 3.3 डिग्री तक गिर गया था। आगे और तापमान में गिरावट के साथ तापमान शून्य के आसपास जाने की संभावना जतायी गयी है। रांची के मौसम केंद्र ने 24 घंटे के दौरान खूंटी को ठंडी जगह बताया है। यहां का तापमान 6.1 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत में भारी बर्फबारी की वजह से झारखंड में भी मौसम बदल रहा है। आने वाले दिनों में तापमान 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई इलाकों में सुबह धुंध छायी रहेगी। दिन चढ़ने के साथ-साथ धुंध कम होगी और मौसम साफ होगा।
नये साल की शुरूआत धुंध के साथ होगी
नये साल की शुरूआत की सुबह कोहरा के साथ होगी। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया कि कल एक जनवरी को बादल छाए रहेंगे। जिससे अधिकतम तापमान गिर सकता जबकि न्यूनतम में थोड़ी बढ़ोतरी होगी।
सभी शहरों के तापमान में हो रही है गिरावट
रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार शाम को रांची का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे के दौरान रांची के तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। जमशेदपुर के तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। इसी तरह डालटेनगंज के न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गयी।
डॉक्टरों की सलाह ठंड से बचे बच्चें और बुजुर्ग
मौसम में उतरा चढ़ाव के कारण इस मौसम में तबीयत खराब होने की ज्यादा संभावना होती है। थोड़ी सी चुक से सर्दी जुकाम और खांसी होने की संभावना रहती है। इसलिए सभी को इस ठंडे मौसम से बचाव के हर उपाय करने चाहिए। डॉक्टरों की सलाह है कि बच्चें और बुजुर्ग सुबह और शाम की ठंड से बचे। पर्याप्त गर्म कपड़े से अपनी शरीर को ढक कर रखे।

