धनबाद। धनबाद जिले के गोविंदपुर एरिया की आकाशकिनारी बस्ती में भू-धंसान की एक बड़ी घटना में सात मकान जमींदोज हो गए, जबकि एक दर्जन से ज्यादा मकानों में दरारें पड़ गई हैं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। तेज आवाज के साथ भू-धंसान होते ही लोग अपने घरों से बाहर आ गए। पूरी बस्ती में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। यह हादसा सोमवार शाम को हुआ। यह पूरा इलाका बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) की आकाशकिनारी कोलियरी क्षेत्र में आता है।
इलाके को डेंजर जोन में पहले से चिन्हित किया गया है, लेकिन यहां रह रहे लोगों को यहां से हटाकर उनके पुनर्वास की कोई व्यवस्था नहीं हुई है। बताया गया कि भू-धंसान में विशाल तुरी, सजना देवी, सुगना तुरी, दीपक तुरी, अजय तुरी, गुड़िया देवी और सुनीता देवी के घर ध्वस्त हो गए हैं। दो-तीन घर तो जमीन से तीन-चार फीट नीचे तक जमींदोज हो गए हैं। हादसे के बाद बस्ती के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी का घेराव किया और कोलियरी का उत्पादन ठप करा दिया।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!