राजधानी में सुबह से लगेगी धारा 144, देखें कौन इलाका होगा प्रभावित

Published: Updated:

रांची। भाजपा द्वारा मंगलवार को आहूत सचिवालय घेराव कार्यक्रम देखते हुए रांची एसडीओ ने मंगलवार सुबह 8:00 बजे से धुर्वा थाना क्षेत्र के कुछ इलाकों में धारा 144 लगा दी है। धारा-144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए धुर्वा गोलचक्कर से प्रोजेक्ट भवन से चाँदनी चौक, हटिया को जोड़ने वाली सड़क और इस सड़क के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी किया गया है। यह निषेधाज्ञा 11 अप्रैल सुबह 08.00 बजे से रात्रि 11.30 बजे तक के लिए लागू रहेगा। इस दौरान क्षेत्र में पांच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना या चलने, लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा-भाला अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने, धरना, प्रदर्शन, घेराव, जुलूस, रैली या आमसभा का आयोजन करने, ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार करने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गयी है।

दो हजार से ज्यादा जवान और अधिकारी रहेंगे तैनात

भाजपा के विरोध कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने अपनी पुख्ता तैयारी कर ली है। शहर में 20 इंस्पेक्टर, 200 दारोगा के अलावा लगभग दो हजार पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा कि राज्य भर से जुटे भाजपा समर्थकों को प्रभात तारा मैदान में ही रोक दिया जाए। इसके लिए मैदान के चारों ओर 500 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया जाएगा। भाजपा समर्थकों के कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। भाजपा ने मंगलवार को सचिवालय का घेराव कार्यक्रम तय किया है। इसके लिए राज्य भर से आए समर्थक पहले प्रभात तारा मैदान में जमा होंगे। वहां से जुलूस की शक्ल में सचिवालय का घेराव करने निकलेंगे।


यातायात व्यवस्था हो सकती है बाधित

रांची जिला प्रशासन की ओर से भाजपा के मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन के समक्ष धरना-प्रदर्शन एवं घेराव के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू की गयी है। धरना-प्रदर्शन और घेराव के क्रम में सरकारी काम-काज में व्यवधान उत्पन्न होने और यातायात व्यवस्था बाधित होने की संभावना जताई जा रही है।

तैयारी में जुटी है भाजपा
कल के भाजपा के सचिवालय घेराव कार्यक्रम में भारी भीड़ को देखते हुए सेक्टर 3 स्टेडियम के पास लगभग 35 हज़ार लीटर पानी की व्यवस्था की गई है। अभी रात में धुर्वा मंडल भाजपा अध्यक्ष उमेश यादव, सुदर्शन लाल, सत्य प्रकाश आदि अन्य कार्यकर्ता इस व्यवस्था में लगे हैं।

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

Your Opinion on this News...

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More