नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी से करे, तो अधिकार रहेंगे सुरक्षित : प्रवीण


श्री अग्रसेन स्कूल में मना संविधान दिवस, संविधान पालन का बच्चों ने लिया शपथ

रांची। संविधान दिवस के अवसर पर छात्रों में संविधान के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए श्री अग्रसेन स्कूल भुरकुंडा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों व विद्यार्थियों को संविधान का निष्ठा से पालन करने की शपथ दिलाई गई। शिक्षकों ने संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भारतीय संविधान की विशेषताओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। सभी लोगों से जनसाधारण में भी संविधान के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया। इससे पूर्व संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हम और हमारा संविधान विषय पर चर्चा करते हुए भी संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य एवं संविधान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। शिक्षिका साधना सिन्हा ने संविधान के बाबत बच्चों को जानकारी देते हुए बताया कि बाबा साहब संविधान सभा के कार्यकारी अध्यक्ष थे। संविधान को बनाने में 2 वर्ष 11 माह 18 दिन का समय लगा। बाबा साहब के बनाए संविधान से ही देश की व्यवस्थाएं चलाई जा रही हैं। हम सभी को संविधान में दिए नियमों के हिसाब से ही चलना पड़ता है। अगर कोई भी संविधान के निदेर्शों की अवहेलना करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। हमारा संविधान अक्षुण्ण रहे, इसके लिए संविधान दिवस का आयोजन किया जाता है। अपने संबोधन में स्कूल के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि हम संविधान द्वारा प्रदत्त अपने अधिकारों की बात अक्सर करते है। लेकिन अपने कर्तव्य का पालन करने से कतराते हैं। प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी से करे, तभी हमारे अधिकार भी सुरक्षित रह सकते हैं। इसलिए हमें हर हाल में  भारत की संपूर्ण प्रभुता, समाजवाद, धर्म निष्पक्षता लोकतंत्र गणराज्य की गरिमा को बनाए रखने का प्रण लेना चाहिए।

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

Your Opinion on this News...

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More