बीजेपी नेता से पीएलएफआई सुप्रीमो ने रंगदारी में मांगी एके-47 नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी

Published: Updated:

रांची | पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप ने कारोबारी सह भाजपा रांची महानगर जिला महामंत्री बलराम सिंह से 10 एके 47 राइफल की रंगदारी मांगी है, नहीं देने पर अंजाम भुगतने की भी धमकी दी है. इस संबंध में बलराम सिंह ने गोंदा थाना में 19 मई को दिनेश गोप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. आईपीसी की धारा 385 और 387 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस उक्त फोन करने वाले के मोबाइल नंबर की पड़ताल कर रही है. इधर जानकारी मिली है कि धमकी के बाद बलराम सिंह को बॉडीगार्ड मुहैया करा दिया गया है.

दर्ज प्राथमिकी में बलराम सिंह ने बताया है कि 18 मई को जब वे भाजपा महानगर कार्यालय में अपने सहयोगी पदाधिकारियों के साथ बैठकर संगठन कार्य में लगे हुए थे, तभी 1 बजकर 52 मिनट पर उन्हें एक फोन कॉल आया. फोन करने वाले ने कहा कि वह पीएलएफआई संगठन का सुप्रीमो दिनेश गोप बोल रहा है. उसने काफी देर तक फोन पर बात की. उसने कहा कि आप संगठन को क्या मदद कर सकते हैं. पहली बार आपको फोन कर के मदद के लिए बोल रहे हैं.

बलराम सिंह ने कहा कि वे इतने पैसे वाले नहीं कि उसकी मदद कर सकते हैं. इस पर फोन करने वाले ने कहा कि आप काफी जमीन का काम कर चुके हैं. मदद तो करनी ही होगी. जब बलराम सिंह ने फोन करने वाले से पूछा कि क्या मदद करना होगा. तो उसने कहा कि हम लोग लड़ने वाले आदमी है. आप 10 एके 47 दे दीजिये. अगर नहीं भिजवाते हैं तो इसका अंजाम बुरा होगा. जिस वक्त फोन आया उस वक्त भाजपा महानगर कार्यालय में जिला महामंत्री भाजपा वरुण साहू, जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा रामलगन राम, कार्यसमिति सदस्य रणधीर सिंह और गोंदा मंडल के मंत्री नयन परमार भी मोबाइल के स्पीकर पर इस धमकी भरे फोन कॉल को सुन रहे थे. इस पूरे धमकी भरे कॉल को बलराम सिंह ने रिकॉर्ड किया है. जिसे पुलिस को उपलब्ध कराया गया है. दर्ज प्राथमिकी में यह भी बताया है कि कुछ लोग उन्हें षडयंत्र के तहत नुकसान पहुंचाना चाहते हैं.

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

Your Opinion on this News...

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More