मां ने पुलिस को बताया हत्या से कुछ देर पहले ही किया था कॉल कहा, झगड़ा हो गया
बीआईटी मेसरा की छात्रा पल्लवी का हत्यारा बिहार के आरा से पकड़ा गया है। पल्लवी की हत्या करने के बाद ही आरोपी बनारस फरार हो गया था। पुलिस बनारस पहुंचती इससे पहले आरा भाग गया। यहां से भी वह किसी तीसरी जगह फरार होने के चक्कर में था तभी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पांच दिसंबर को रांची के टाटीसिलवे स्थित आरागेट रेल पटरी पर लहूलुहान हालत में पल्लवी की लाश मिली थी। इस घटना को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की गयी थी लेकिन रेलवे ट्रेक से दूर पड़े होने और आसपास के लोगों के बयान से यह साबित हो गया कि यह हत्या है। स्थानीय लोगों ने बताया था कि दोनों में किसी बात को लेकर जोरदार बहस हो रही थी। अपनी मां से फोन पर पल्लवी ने कहा था कि उसका किसी लड़के से झगड़ा हो गया है। इसके बाद फोन डिसकनेक्ट हो गया फिर फोन स्वीच ऑफ हो गया। पल्लवी की सहेलियों ने पूछताछ में बताया था कि उसका किसी पीयूष नाम के लड़के से झगड़ा हुआ था।पुलिस इस पूरे मामले की तह तक पहुंच गयी है। आरोपी ने भी पूछताछ में यह बताया है कि झगड़ा किस बात को लेकर हुआ, दोनों के बीच क्या रिश्ते थे। पुलिस इस मामले में अभी आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कह रही। पल्लवी की मां ने बताया कि फोन पर बातचीत अधूरी हुई लेकिन वह घर से यह कहकर निकली थी कि हॉस्टल जा रही है। दिन को 11 बजे के करीब घर से निकली पल्लवी के बारे में दोपहर 3 बजे के आसपास सूचना मिली कि वो लहूलुहान हालत में रेलवे पटरी के पास पड़ी है। पल्लवी की मां ने बताया कि पल्लवी पूजा में शामिल होने घर आई थी। उसे कुछ और दिन घर में रूकना था क्योंकि हॉस्टल में रंग-रोगन का काम हो रहा था। उसने इतना ही कहा कि हॉस्टल से कुछ कपड़े और फॉर्म लाने के लिए जाना है। घर से 1 हजार रुपये भी लिए औऱ निकल गयी।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!