वर्ष 2022 में 650 रुपये की जगह अब परीक्षा फीस देना होगा 1000 रुपये
रांची। बेरोजगार युवाओं पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। एनटीए ने परीक्षा का शुल्क में वृद्धि की है। दूसरी ओर, जेईई मुख्य परीक्षा-2023 के लिए जहां देश में परीक्षा केंद्रों की संख्या कम की है। वहीं, विदेश में परीक्षा केंद्र बढ़ा दिए हैं। 24 से 31 जनवरी 2023 के बीच सात दिन तक होने वाली यह परीक्षा पहली बार चीन, रूस, आस्ट्रेलिया और अमेरिका में भी आयोजित होगी। एनटीए की ओर से जारी संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मुख्य के सूचना बुलेटिन के मुताबिक 2023 में किसी एक पेपर (बीई/टेक या बी आर्क या बी प्लानिंग) को देने वाले सामान्य/सामान्य ईडब्लूएस/ओबीसी-नान क्रिमीलेयर श्रेणी के भारतीय पुरुष उम्मीदवारों को 1,000 रूपए का भुगतान करना होगा। जबकि 2022 की परीक्षा के दौरान यह शुल्क 650 रुपए था। यानी परीक्षा शुल्क में करीब 70 फीसदी का इजाफा किया गया है। अगले साल होने वाली परीक्षा में किसी एक पेपर (बीई/टेक या बी आर्क या बी प्लानिंग) को देने वाले सामान्य/सामान्य ईडब्लूएस/ओबीसी-नान क्रिमीलेयर श्रेणी के विदेशी पुरुष उम्मीदवारों को 5,000 रुपए का भुगतान करना होगा। जबकि 2022 की परीक्षा के दौरान यह शुल्क 3,000 रुपए था। 2023 में दो या तीन पेपर को देने वाले सामान्य/सामान्य ईडब्लूएस/ओबीसी-नान क्रिमीलेयर श्रेणी के भारतीय पुरुष उम्मीदवारों को 2,000 रुपए का भुगतान करना होगा। जबकि 2022 की परीक्षा के दौरान यह शुल्क 1,300 रुपए था। बुलेटिन के मुताबिक 2023 की परीक्षा देश में 399 केंद्रों पर आयोजित होगी जबकि यही परीक्षा 2022 में 501 केंद्रों पर आयोजित हुई थी। एनटीए ने देश में 2023 की परीक्षा के लिए केंद्रों की संख्या में 102 केंद्रों की कमी की है। वहीं, अगले साल जनवरी में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के केंद्रों की संख्या विदेश में बढ़ाई गई है। 2022 में जेईई मुख्य का आयोजन केवल 13 देशों में हुआ था। एनटीए ने 2023 की परीक्षा के लिए विदेश में 24 परीक्षा केंद्र बनाने का निर्णय किया है।
कई देशों में बनाये गये है सेंटर
चीन, रूस, आस्ट्रेलिया और अमेरिका में यह परीक्षा पहली बार आयोजित होगी। इसके अलावा जेईई मुख्य का आयोजन बहरीन, श्रीलंका, कतर, यूएई, नेपाल, ओमान, सऊदी अरब, सिंगापुर, कुवैत, मलेशिया, नाइजीरिया, इंडोनेशिया, आस्ट्रिया, ब्राजील, कनाडा, हांगकांग, मारिशियस, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड और वियतनाम में आयोजित होगी।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!