मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का टीजर जारी होते ही चीन में हलचल मच गई है। यह टीजर सलमान के 60वें जन्मदिन, 27 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ है, और यह फिल्म 2020 में हुई गलवान घाटी की झड़प पर आधारित है। फिल्म में सलमान कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं, जो इस संघर्ष में शहीद हुए थे। हालांकि, चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने इस फिल्म पर तीखे आलोचना की है।
ड्रामा और सच्चाई: चीन की प्रतिक्रिया
ग्लोबल टाइम्स ने एक लेख में दावा किया है कि यह फिल्म तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर रही है। लेख में कहा गया है कि बॉलीवुड की फिल्में मनोरंजन और भावनाओं का मिश्रण तो दे सकती हैं, लेकिन वे ऐतिहासिक सच्चाइयों को नहीं बदल सकतीं। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की क्षेत्रीय संप्रभुता के प्रति उनकी दृढ़ता को यह फिल्म झुठला नहीं सकती।
सोशल मीडिया पर चीनी नागरिकों की नाराजगी
अख़बार ने यह भी आरोप लगाया कि गलवान घाटी वास्तविकता में चीन की है और 2020 की झड़प भारत द्वारा की गई उकसावे की कार्रवाई का परिणाम थी। फिल्म के टीजर को देखकर कुछ चीनी नागरिकों ने भी नाराजगी जताई है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे ‘ओवर-द-टॉप’ और अतिरंजित बताया, वहीं कुछ ने सलमान के किरदार को ‘अजेय हीरो’ के रूप में मजाक में उड़ा दिया। उल्लेखनीय है कि सलमान खान चीन में काफी प्रिय हैं, उनकी फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ ने वहाँ जबरदस्त सफलता हासिल की थी। ऐसे में इस फिल्म से उनकी छवि पर असर पड़ सकता है।
‘बैटल ऑफ गलवान’ का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं, और इसमें चित्रांगदा सिंह लीड एक्ट्रेस के रूप में नजर आएंगी। यह फिल्म सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है और 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर में सलमान एक साहसी अफसर के रूप में दिखाई दे रहे हैं, जो सैनिकों को प्रोत्साहित करते हैं और दुश्मनों की ओर बढ़ते हैं। कठिन परिस्थितियों में उनकी जंग की झलकियों ने भारतीय दर्शकों को उत्साहित किया है, लेकिन चीन में यह फिल्म विवाद का केंद्र बन गई है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!