जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 50 किलो गांजा बरामद किया है। इस गांजे की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है, जो ओडिशा से गांजा लाकर झारखंड और बिहार में इसकी आपूर्ति कर रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जमशेदपुर के सोनारी झाबरी बस्ती का निवासी भीम यादव और बिहार के भोजपुर का रहने वाला राजकुमार पाल शामिल हैं। उनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन और 3482 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
चिल्का झील के आसपास से लाया गया गांजा
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के चिल्का झील के आसपास के क्षेत्रों से गांजा लेकर आ रहे थे। इसे जमशेदपुर पहुंचाना था और फिर जमशेदपुर से बिहार के विभिन्न स्थानों पर भेजा जाना था। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह एक अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क है, जो ओडिशा से लेकर झारखंड और बिहार तक फैला हुआ है। ये लोग गांजे की तस्करी के लिए कार और ट्रेन का उपयोग करते हैं। सोमवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कार के माध्यम से गांजे की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक टाटा पंच कार को रोका और उसकी तलाशी ली, जिसमें डिक्की से 25 पैकेट में 50 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार तस्करों को जेल भेजा गया
दोनों आरोपी कार में बैठे हुए थे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वे इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई नाम बताए हैं, जिनमें कुछ जमशेदपुर के निवासी भी शामिल हैं। इन सभी के बारे में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

