नाबालिग के साथ पांच लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

Published: Updated:

रांची। बुढमू थाना क्षेत्र स्थित जंगल में एक नाबालिग के साथ पांच लोगों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता जगन्नाथपुर मेला घूमने गई थी, तब आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपित सुभाष उरांव, इतेश टोप्पो और संतोष टोप्पो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दो अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। पकड़े गए आरोपितों से दोनों का नाम पता मिल गया है लेकिन दोनों फरार हैं।

ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ जगन्नाथपुर मेला घूमने गई थी। मेला घूमने के दौरान बड़ी बहन के साथ उसका प्रेमी सुभाष उरांव भी था। मेला घूमते-घूमते बड़ी बहन ने सुभाष से कहा कि वह उसकी छोटी बहन को घर पहंचा दे। वह मेला घूमकर घर वापस आ जाएगी।

इसके बाद सुभाष अपनी बाइक पर पीड़िता को बैठाकर पिठौरिया की ओर निकल गया। रास्ते में आरोपित सुभाष उसे बुढमू इलाके में स्थित जंगल में ले गया और वहां पहले से मौजूद चार दोस्तों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया।

पीड़िता का मेडिकल करा दिया गया है। फिलहाल, रिपोर्ट नहीं आई है। हालांकि, पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपितों ने घटना को स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल से भी पुलिस को कई सुराग मिले है।

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी सुभाष (रातू निवासी) जैसे ही जगन्नाथपुर मेला से पिठौरिया के लिए निकला तो अपने दोस्तों को फोन किया और उन्हें जंगल में रहने के लिए कहा। आरोपी जब पीड़िता के साथ बुढमू इलाके में पहुंचा तो उसने कहा कि कुछ दोस्तों से मिलना है फिर तुरंत घर के निकलेंगे। इसके बाद वह पीड़िता को लेकर जंगल की ओर चला गया। वहां उसके दोस्त पहले से मौजूद थे। इसके बाद पांचों ने मिलकर घिनौने अपराध को अंजाम दिया।

पुलिस का कहना है कि घटना के बाद जंगल से किसी तरह पीड़िता भागकर अपने घर पहुंची। बड़ी बहन के घर आने के बाद उसने अपने साथ हुई दुष्कर्म की घटना की जानकारी घरवालों को दी। इसके बाद घरवालों के साथ पिठौरिया थाना पहुंची और पुलिस को पूरी कहानी बताई।

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

Your Opinion on this News...

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More