रांची | बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल के अधीक्षक हामिद अख्तर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) हामिद अख्तर को नया समन जारी करने वाला है. ईडी ने जेल के अधीक्षक पर जेल में बंद मनी लॉन्ड्रिंग के कई सत्ता से जुड़े आरोपियों को अनुचित लाभ देने का आरोप लगाया है, जिनमें आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल और छवि रंजन, पॉवर ब्रोकर प्रेम प्रकाश, कोलकाता के व्यवसायी अमित अग्रवाल और सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा शामिल है.
छवि रंजन और प्रेम प्रकाश की जेल में मुलाकात के खुलासे के बाद ईडी ने हामिद अख्तर को तलब करने का फैसला किया है. प्रेम प्रकाश ने जेल में शाम में छवि रंजन से मुलाकात की थी. ईडी ने छवि रंजन, अमित अग्रवाल और अन्य के खिलाफ चार्जशीट में छवि रंजन और प्रेम प्रकाश की जेल मुलाकात का जिक्र किया है. चार्जशीट में कहा है कि दो आरोपी अवैध रूप से एक उच्च सुरक्षा जेल के अंदर मिल रहे हैं, यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि साजिश अभी भी चल रही है.
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हामिद अख्तर लंबे समय से विवादों में हैं. इससे पहले भी ईडी ने कई बार समन जारी किया था. लेकिन उन्होंने ईडी के सामने पेश होने से इनकार कर दिया था. उन्होंने ईडी को जेल के सीसीटीवी फुटेज सौंपने से इनकार कर दिया और ईडी तक किसी भी तरह की पहुंच से इनकार करने के लिए अदालती लड़ाई लड़ी. सीसीटीवी फुटेज भी नष्ट कर दिये.
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!