नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी का डिप्टी कमांडर इन चीफ असम से गिरफ्तार

by Aaditya HridayAaditya Hriday

लखीराम हेंब्रम की झारखंड और असम पुलिस को थी लंबे समय से तलाश

साहिबगंज। नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी के डिप्टी कमांडर इन चीफ लखीराम हेंब्रम उर्फ एडमिन सिंह सोरेन उर्फ रेडो सिंह उर्फ सोनी राम को पुलिस ने असम से गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से असम के केचुआगांव थाना क्षेत्र के पाथोरबाड़ी का निवासी है। साहिबगंज के मिर्जाचौकी, बोरियो व गोड्डा के महागामा को भी उसने अपना अस्थायी ठिकाना बनाया था। बरहड़वा के पुलिस निरीक्षक कुलदीप कुमार व उनकी टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। साहिबगंज एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि लखीराम बेहद शातिर है। वह भिन्न-भिन्न जगहों पर अपना परिचय भी अलग-अलग नाम से देता था। बोरियो थाना क्षेत्र से अपहृत अनाज कारोबारी अरुण कुमार साह व बरहेट थाना के सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन की हत्या के मामले में वह आरोपित था। तभी से पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस को भनक लगी थी कि इन दिनों असम के कोकराझार जिले के रंगियाघुटु में रह रहा है। तब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम वहां भेजी गई। सूचना सटीक थी, वह गिरफ्तार कर लिया गया। अरुण साह की अपहरण के बाद हत्या के पीछे नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी का हाथ सामने आया था। साह को रिहा कराने गई पुलिस टीम पर भी आर्मी के सदस्यों ने हमला किया था। उसी दौरान टीम के सदस्य एएसआइ चंद्राय सोरेन को गोली लगी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। नेशनल संताल लिबरेशन आर्मी के सरगना रोहित मुर्मू सहित गिरोह के 12 लोगों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

Your Opinion on this News...

You may also like

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More