जमशेदपुर। सड़क हादसे के बाद बिष्टुपुर में लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस को हालात को नियंत्रित करने के लिए हंगामा कर रहे लोगों पर लाठी चार्ज करना पड़ा। बताया जाता है कि बुधवार की रात तेज रफ्तार कार ने धतकीडीह मेडिकल बस्ती में दो लोगों को टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद चालक कार लेकर भागने लगा। बस्ती के युवकों ने कार का पीछा किया। इस दौरान कार जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के समीप एक घर में प्रवेश कर गई। आक्रोशित लोग मकान मालिक से कार चालक को बाहर निकालने की मांग करने लगे। चालक के बाहर नहीं आने पर भीड़ ने घर पर पथराव कर दिया। इसमें खिड़कियों के शीशे टूट गए। कार क्षतिग्रस्त हो गई। मकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। बिष्टुपुर पुलिस व पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। हालत को संभालने के लिए सुरक्षा बलों ने हंगामा कर रही भीड़ पर लाठी चार्ज कर दिया। इसमें कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष लखींद्र करूवा घायल हो गए। लाठी चार्ज के बाद बस्ती के लोग और आक्रोशित हो गए। गुजराती सनातन समाज की ओर से जाने वाली सड़क को जाम कर किया। यहां करीब एक घंटे तक लोगों ने प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जमशेदपुर के उपायुक्त सूरज कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों से बात की। पूरे मामले में दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली कार को हर्ष मुखर्जी नाम का युवक चला रहा था। हादसे के बाद वह कार लेकर अपने चाचा राहुल मुखर्जी के घर में प्रवेश कर गया। घायलों को अस्पताल नहीं पहुंचाने के कारण लोगों का आक्रोश बढ़ गया। उपायुक्त सूरज कुमार व एसएसपी डॉ तमिल वाणन अधिकारियों के साथ दोपहिया वाहनों से शहर की गश्त पर निकले थे। इसी दौरान दोनों को घटना की जानकारी मिली। दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे के हंगामे के बाद कहीं जाकर हालात सामान्य हो सके।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!