मृतक के कमरे से मिला लाइसेंसी पिस्टल के साथ देशी कट्टा व 315 की गोली
जमशेदपुर। आदित्यपुर के सालडीह निवासी 52 वर्षीय प्रमोद सिंह का बिजनेस पार्टनर के साथ विवाद हो गया। इस विवाद से वह इतना गुस्से में आ गये कि घर पहुंचकर खुद को गोली मार ली। जिससे उसकी मौत हो गई है। जिन्हें परिजन स्वयं लेकर टीएमएच पहुंचे थे जहां उन्होंने दम तोड़ दी। घटना देर रात करीब 11 बजे रात की है। जांच के क्रम में आदित्यपुर पुलिस को मृतक के कमरे से लाइसेंसी पिस्टल के साथ एक देशी कट्टा व 315 बोर की गोली भी मिली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती में नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स के पीछे की है। मृतक व्यक्ति का नाम पप्पू उर्फ प्रमोद सिंह है। आदित्यपुर थाना प्रभारी के अनुसार घटना के पीछे पार्टनरशिप के साथ विवाद बताया जा रहा है। मृतक बिल्डर के कारोबार से जुड़ा था। कल शाम वह गम्हरिया गया था, जहां उसका बिजनेस पार्टनर से कुछ विवाद हुआ। जिसके बाद वह शराब पीकर रात करीब साढ़े 10:30 बजे घर लौटा था। करीब आधे घंटे के बाद उसने खुद के सिर में गोली मार ली। हालांकि परिजन उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल ले गए। लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद से ही परिजन पुलिस को गुमराह कर रहे थे। किसी ने स्पष्ट रूप से यह नहीं बताया कि आखिर घटना कैसे हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पत्नी नेहा सिंह ने गोली लगने से घायल होने की सूचना दी और घायल को टीएमएच इलाज के लिए ले जाने की बात कही। लेकिन जब पुलिस वहां पहुंची तो वहां उन्हें कोई नहीं मिला। इसी बीच मृतक की पुत्री परी सिंह ने अपने घायल पिता के मौत की खबर दी। सवाल यह उठता है कि आखिर गोली कैसे चली। परिजन बता रहे हैं कि मृतक ने खुद को गोली मार ली है। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि गोली लाइसेंसी पिस्तौल से चली या अवैध पिस्तौल से। गोली चलने के पीछे क्या कारण हो सकता है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!