ओवरटेक के चक्कर में ट्रक की चपेट में आया बाइक, पिता, पुत्र और पुत्री घायल
आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम, पुलिस के समझाने के बाद लोगों ने जाम हटाया
धनबाद। झरिया रोड के एना इस्लामपुर में आज सुबह तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे पिता, पुत्र और पुत्री घायल हो गए, जिसमें पुत्री की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। तीनों एक बाइक पर सवार होकर गायत्री पूजा करने जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने आनन फानन में तीनों घायलों को एसएनएमएमसीएच भेज दिया। सभी बनियाहीर 7 नंबर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार पिता, पुत्र और पुत्री बनियाहीर 7 नंबर से बस्ताकोला गायत्री मंदिर पूजा करने जा रहे थे। तभी ट्रक और बाइक में ओवर टेक को लेकर दुर्घटना हो गई। सड़क की स्थिति काफी खराब थी। एक दिन पहले शुक्रवार को सड़क की एक तरफ पिचिंग हुई थी। फलस्वरूप सड़क ऊंची नीची हो गई थी। जिससे बाइक असंतुलित हो गई और तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। ट्रक संख्या जेएच 10 एसी 3195 को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। मगर चालक भाग निकला। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी। झरिया पुलिस भी पहुंची और जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि लोग हटने को तैयार नहीं थे। दो घंटे के बाद समझाने-बुझाने पर लोग हटे, तब यातायात सामान्य हो गया।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!