रांची पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: घर-गाड़ी से 566 किलो डोडा और 700 ग्राम अफीम बरामद, तस्कर पकड़ा गया।

रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई : घर और गाड़ी से 566 किलो डोडा व 700 ग्राम अफीम बरामद, तस्कर गिरफ्तार

एक नज़र में पूरी खबर

  • रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने 31 बोरा डोडा और 700 ग्राम अफीम के साथ एक युवक मनीष तिर्की को गिरफ्तार किया है।
  • गिरोह ने स्थानीय स्तर पर डोडा और अफीम की तस्करी के लिए एक नेटवर्क बनाया था, जिसमें रांची, खूंटी और हजारीबाग के लोग शामिल हैं।
  • पुलिस ने जब्त किए गए डोडा और अफीम की कुल कीमत लाखों में आंकी है, जिसमें डोडा की कीमत लगभग 84 लाख 97 हजार 500 रुपये है।

रांची : रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा और अफीम की भारी मात्रा में बरामदगी की है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से डोडा और अफीम की तस्करी कर रहा था और उसने इसके लिए एक सिंडिकेट भी बना रखा था। इस मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 81/26 दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी के खिलाफ BNS और NDPS अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर बनी पुलिस टीम

बीती रात एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली कि नामकुम थाना क्षेत्र के ग्राम बुदरी में कुछ लोग अफीम और डोडा की तस्करी कर रहे हैं और वहां मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। जानकारी मिलने के बाद, रांची एसएसपी ने रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर की देखरेख में छापेमारी दल का गठन किया। इस छापेमारी की जिम्मेदारी डीएसपी अमर पांडेय को सौंपी गई।

मकान से 31 बोरा डोडा बरामद

पुलिस टीम ने ग्राम बुदरी में मनीष तिर्की के पक्का और कच्चा मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से अलग-अलग रंग के प्लास्टिक के बोरे में भरा हुआ 31 बोरा डोडा बरामद किया गया। जांच के दौरान बोरे में भारी मात्रा में डोडा पाया गया।

बोलेरो गाड़ी से भी मिला डोडा

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान परिसर में खड़ी सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो गाड़ी की भी तलाशी ली। गाड़ी का नंबर JH05AS-1583 है। गाड़ी के अंदर से 4 प्लास्टिक बोरा डोडा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, घर और गाड़ी से मिले डोडा का कुल वजन 566.5 किलो पाया गया।

अलमारी से अफीम, नकद और डिजिटल मशीन बरामद

पुलिस ने जब घर के अंदर अलमारी की तलाशी ली तो वहां से 700 ग्राम अफीम भी बरामद हुआ। इसके साथ ही अफीम तौलने के लिए डिजिटल तौल मशीन, 2 लाख 28 हजार रुपये नकद, बैंक पासबुक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला। पुलिस ने बरामद सामान के वैध कागजात मांगे, लेकिन आरोपी कोई कागज नहीं दिखा सका। इसके बाद सभी सामान को जब्त कर लिया गया।

आरोपी मौके पर गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से जिस युवक को पकड़ा, उसने अपना नाम मनीष तिर्की बताया। उसकी उम्र लगभग 26 वर्ष है और वह ग्राम बुदरी का निवासी है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय कान्दू तिर्की बताया गया है। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गिरोह का खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अधिक पैसे कमाने के लिए डोडा और अफीम का अवैध कारोबार शुरू किया था। उसने इसके लिए एक गिरोह बनाया, जिसमें रांची, खूंटी और हजारीबाग जिले के लोग शामिल हैं। आरोपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य स्थानीय स्तर पर डोडा और अफीम खरीदते थे और फिर इसे अन्य जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरोह नकद और डिजिटल माध्यम से लेन-देन करता था।

कई वाहन भी इस्तेमाल किए जाते थे

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि गिरोह के पास कई चारपहिया वाहन हैं, जिनका उपयोग मादक पदार्थों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

जब्त सामान की कीमत लाखों में

पुलिस ने जब्त किए गए डोडा की अनुमानित कीमत लगभग 84 लाख 97 हजार 500 रुपये बताई है। वहीं, जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

केस दर्ज, छापेमारी जारी

नामकुम थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ा जा सके।

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

Your Opinion on this News...

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More