जिला प्रशासन, पुलिस, बीसीसीएल व सीआईएसएफ मिलकर करेंगे काम
धनबाद। जिले में अवैध कोल माइनिंग और अवैध ट्रांसपोर्टिंग करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। संगठित कोयला चोरी को रोकने के लिए उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में को-आॅर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, बीसीसीएल तथा सीआईएसएफ के बीच समन्वय स्थापित कर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कोल माइनिंग सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया। पिछले 3 वर्षों में कोयला चोरी की सभी एफआईआर और उसकी अद्यतन स्थिति की समीक्षा करने, खनन स्थल और गंतव्य पर कोयला लदा ट्रक का वजन करने, नियमित रूप से जांच अभियान चलाने की बात कही गई। उपायुक्त ने कहा कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड यह सुनिश्चित करे कि डीओ धारक नियमानुसार कोयले की लिफ्टिंग करे। उन्होंने कहा कि अवैध कोल माइनिंग और अवैध कोल ट्रांसपोर्टेशन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। माइनिंग एरिया में विधिवत और शांतिपूर्ण तरीके से काम चले, यही बैठक का उद्देश्य है। बैठक में बंद पड़ी कोल माइंस से कोयला चोरी रोकने के लिए कार्य योजना बनाने पर विचार विमर्श किया गया। खनन क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करने के लिए बीसीसीएल द्वारा सीआईएसएफ को पर्याप्त संख्या में वाहन, ईंधन मुहैया कराने, खनन कार्यों में बाधा पहुंचाने वालों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी, बीसीसीएल के निदेशक, सीआईएसएफ के डीआईजी विनय काजला, कमांडेंट शेखर रमोला, बीसीसीएल तथा ईसीएल के महाप्रबंधक सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी उपस्थित थे।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!