रांची: झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकली पनीर की बड़ी खेप जब्त की गई है। यह कार्रवाई बिहार से रांची लाए जा रहे अवैध खाद्य पदार्थों के खिलाफ की गई, जिसमें भारी मात्रा में नकली पनीर, खोवा और अन्य खाद्य सामग्री शामिल थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि बिहार से बसों के जरिए नकली पनीर और खोवा रांची के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर रामगढ़ टोल प्लाजा के पास बिहार से आने वाली बसों की तलाशी ली गई।
जांच के दौरान तीन बसों—आरजू बस, भोजपुर क्लासिक बस और रेखा क्लासिक बस—से 150 किलो नकली पनीर, 750 किलो नकली खोया और 200 किलो मुरब्बा जब्त किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीप श्री श्रीवास्तव ने बताया कि पनीर की जांच में यह पूरी तरह मानक के अनुरूप नहीं पाया गया।
पनीर के नमूनों पर आयोडीन डालने पर यह काला हो गया, जो नकली होने का स्पष्ट संकेत है। नकली पनीर में सिंथेटिक केमिकल, स्टार्च, डिटर्जेंट और वनस्पति घी जैसे हानिकारक पदार्थों का उपयोग किया गया था, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं।
खोया के नमूने जांच के लिए रांची की स्टेट फूड लैबोरेट्री भेजे गए हैं, और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, अवैध परिवहन के लिए तीनों बसों पर 35,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया, और चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल न हों।
इस कार्रवाई से नकली खाद्य पदार्थों के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि त्योहारों के मौसम में ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!