एक कर्मी की स्थिति गंभीर, पाइलिंग के दौरान दोनों के उपर गिर गया के्रन
रांची। कांटा टोली फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान आज एक बड़ा हादसा हो गया। जिसमें एक सिविल इंजीनियर की मौत हो गयी, जबकि एक कर्मी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना दोपहर को निर्माण कार्य में लगे एक के्रन के पलट जाने से हुआ। कांटा टोली फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान क्रेन से पाइलिंग हटाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन अनियंत्रित हो गया और पास में ही खड़े सिविल इंजीनियर चूड़ामणि और एक मजदूर की ऊपर गिर पड़ा। दोनों क्रेन के नीचे दब गये। हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत कंपनी के लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आनन-फानन में दूसरे क्रेन की मदद से सिविल इंजीनियर और मजदूर को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सिविल इंजीनियर चूड़ामणि को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को रिम्स में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज करने के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।
गुमला के है सिविल इंजीनियर चूड़ामणि
हादसे में जान गंवाने वाले सिविल इंजीनियर चूड़ामणि गुमला के रहने वाले हैं। सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद वह चामुंडा पाइल प्राइवेट लिमिटेड में बतौर सिविल इंजीनियर काम कर रहे थे। जब से कांटा टोली फ्लावर का निर्माण चल रहा है, तब से वह रांची में रहकर ही पाइलिंग का काम देख रहे थे।
फ्लाईओवर निर्माण के दौरान हुए हादसे में अपने साथी की मौत से साइट पर काम करने वाले सभी अभियंता बेहद गुस्से में है। आक्रोशित अभियंताओं और मजदूरों ने पहले साइट पर हंगामा भी किया। इसके बाद रिम्स के बाहर भी हंगामा किया। हालांकि मौके पर पुलिस की टीम ने उन्हें शांत करवाया। फ्लाईओवर निर्माण का काम कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी ने हादसे में मारे गए सिविल इंजीनियर के आश्रितों को हर सहायता और सुविधा देने का भरोसा दिलाया है।
चामुंडा पाइल प्राइवेट लि कर रहा है पाइलिंग का कार्य
कांटा टोली फ्लाईओवर का निर्माण तेजी के साथ किया जा रहा है फ्लाईओवर निर्माण का कार्य दिनेशचंद्र अग्रवाल कंपनी को दिया गया है। वहीं कंपनी के द्वारा ही फ्लाईओवर के निर्माण में होने वाली पाइलिंग का काम पेटी कॉन्ट्रैक्ट के रूप में चामुंडा पाइल प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। जिस इंजीनियर चूड़ामणि के यहां से मौत हुई वह चामुंडा पायल प्राइवेट लिमिटेड कर्मचारी है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!