24 नवंबर को केंद्र में जली थी बहने, गंभीर स्थ्ति में रिम्स लाया गया था
पलामू। तरहसी प्रखंड की सेलारी पंचायत क्षेत्र के छेचानी मध्य विद्यालय में मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम) के गर्म माड़ में गिरकर दो बहन गंभीर रूप से झुलस गयी थी। आंगनबाड़ी केन्द्र की दोनों बच्चियों की मौत हो गई है। दोनों का इलाज रांची रिम्स के बर्न वार्ड में चल रहा था। इसी क्रम में मंगलवार की देर शाम छोटी बहन ब्यूटी कुमारी और आज सुबह बड़ी बहन शिबू की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी पुष्टि तरहसी के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सचिदानंद महतो ने की है। उन्होंने कहा कि तमाम प्रयास के बावजूद उक्त बच्चियों की जान बचाने में हम कामयाब नहीं हो पाए। ज्ञात हो कि 24 नवंबर को छेचानी मध्य विद्यालय में मध्याहन भोजन के लिए बनाए गए चावल का गर्म माड़ खुले में रख दिया गया था। मध्य विद्यालय के पुराने भवन में गांव का आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित होता है। यहां परमेश्वर साहू की दो पुत्री शिबू कुमारी एवं ब्यूटी कुमारी आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई करने आई थी। खेलने के क्रम में दोनों बहन गर्म माड़ से भरे टब में गिर गई थी। आनन फानन में दोनों को इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया था। दो दिनों के बाद दोनों को मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स ले जाने का निर्णय लिया गया था। 27 नवंबर की देर रात तरहसी के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सचिदानंद महतो ने अपनी देखरेख में दोनों बच्चियों को इलाज के लिए रांची रिम्स के बर्न वार्ड में भर्ती कराया था। साथ ही जिला प्रशासन से निर्गत 50 हजार रुपए का चेक प्रदान किया था।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!