प्रभावित लोगों ने कहा इस कड़कड़ाती ठंड में आज हमलोग बेघर हो गये, कहां जाय
रांची। रेलवे की जमीन पर कब्जा कर मकान, झोपड़ी और दुकान बनाने वालों के खिलाफ आज अभियान चलाया गया। अतिक्रमण के खिलाफ रेलवे ने आज बिरसा चौक से हरमू बाइपास रोड में अभियान चलाया। रेलवे की जमीन में सालों से अतिक्रमण कर रह रहे लोगों के खिलाफ रेलवे की टीम आज सफाई अभियान चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। इस दौरान अपने आशियाने को टूटते हुए देख लोगोें ने टीम का विरोध भी किया। रेलवे प्रशासन द्वारा घर को खाली कर बुलडोजर से मकान को तोड़ने का कार्य जारी है। प्रभावित लोगों ने बताया कि हम लोग प्रशासन से एक-दो दिन का समय मांग रहे थे। लेकिन उन लोगों ने हम लोगों की एक न सुनी और धड़ाधड़ घर की दीवारें तोड़ने लगे। उसी समय वहां की महिलाएं पुलिस के साथ तू-तू मैं-मैं करती भी दिखीं। स्थानीय लोगों ने जमकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अभियान में शामिल एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने कहा कि मेरे पास अभियान रोकने की कोई अथॉरिटी नहीं है। नोटिस दिया गया था लेकिन इन लोगों ने घर खाली नहीं किया। रेलवे अधिकारी से बात कीजिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कड़कड़ाती ठंड में सरकार को हम लोग के बारे में कुछ सोचना चाहिए था। हम लोगों की रात अब सड़क पर ही बीतेगी। वहीं खुशबू (बदला हुआ नाम) का कहना है कि मेरी मां की तबीयत बहुत खराब थी। ऐसी स्थिति में सरकार का घर उजाड़ने का निर्णय उचित नहीं है। हम लोग बहुत गरीब हैं, कहां जाएंगे, कहां रहेंगे।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!