अगले दो से तीन दिनों में और गिरेगा पारा, सुबह कोहरा और शाम को रहेगी ठंड
रांची। पछिया हवा के असर से राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। ठंड बढ़ने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में गिरावट होने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी दिशा से बह रही ठंडी हवा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पूरे राज्य में पछिया हवा का असर दिखने लगा है। सुबह में कोहरा और धुंध और बाद में मौसम साफ रहने का संकेत दिया गया है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पश्चिमी दिशा की हवा कनकनी बढ़ाएगी। उन्होंने बताया कि अभी उत्तरी क्षेत्रों में बर्फबारी और ठंडी हवा के बहने का असर झारखंड में दिखने लगा है। फिलहाल सुबह में कोहरे के कारण और शाम के बाद ठंड का अहसास हो रहा है।
एक सप्ताह में 9.3 डिग्री सेसि गिरा तापमान
वहीं विभाग से मिली रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले एक माह के दौरान झारखंड में तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। अगले दो-तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक तापमान और गिरने का अनुमान है। रांची में 26 नवंबर तक न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट के संकेत दिए गए हैं।
सुबह में छाया रहेगा धुंध
मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि झारखंड में अगले पांच दिनों तक सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा। इसके बाद दिन में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहेगा। पांच दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
रांची में लगातार गिर रहा है तापमान
राजधानी रांची में भी धीरे-धीरे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले तीन दिन में तापमान 2 डिग्री तापमान के गिरने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कल 26 नवंबर को तापमान में कोई बदलाव नहीं आएगा। लेकिन 27 नवंबर को राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
रांची में सुबह कोहरा या धुंध छाया रहेगा
पिछले 24 घंटे के तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री डाल्टेनगंज जिले का रिकार्ड किया गया है। वहीं राजधानी रांची का तापमान अधिकतम 25.9 और न्यूनतम 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। पूवार्नुमान की बात करें तो आज राजधानी रांची में सुबह कोहरा या धुंध छाया रहेगा। बाद में आसमान साफ हो जाएगा और मौसम शुष्क रहेगा। वहीं आज का तापमान अधिकतम 25 डिग्री जबकि न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहेगी और 26 प्रतिशत आर्दता रहेगी।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!