ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में चयनित रांची के सुजीत मुंडा की फ्लाइट छूट गई। सुजीत मुंडा मंगलवार को बेंगलुरू में आयोजित कैंप में हिस्सा लेने के लिए रांची एयरपोर्ट से रवाना होने वाले थे लेकिन खबरें हैं कि उनकी फ्लाइट छूट गई। गौरतलब है कि 7 नवंबर से ब्लाइंट टी20 वर्ल्ड कप के लिए बेंगलुरु में कैंप का आयोजन किया गया है। गौरतलब है कि बेंगलुरु रवाना होने से पहले सुजीत की कई तस्वीरें भी सामने आई जिसमें उनकी बस्ती के लोग और क्रिकेट फैंस उन्हें रांची एयरपोर्ट पर रवाना करने आए थे। फूल-मालाओं से लदे सुजीत को कार से एयरपोर्ट पहुंचाया गया था। हालांकि, एक गलतफहमी की वजह से सुजीत की फ्लाइट छूट गई। वे दूसरी फ्लाइट से बेंगलुरु जाएंगे।
सुजीत ने फोन पर बताया कि उन्हें आज ही बेंगलुरू रवाना होना था। उन्हें रांची एयरपोर्ट से एयर-एशिया के विमान से रवाना होना था। सुजीत का कहना है कि उनको बताया गया था कि फ्लाइट 10:15 बजे है लेकिन जब वे तय समय पर एयरपोर्ट पहुंचे तो पता चला कि फ्लाइट रवाना हो चुकी है। फ्लाइट 7:55 बजे ही रांची एयरपोर्ट से उड़ान भर चुकी थी और 10:15 बेंगलुरु में लैंड हुई। अब सुजीत शाम 6:00 बजे एयर एशिया की दूसरी फ्लाइट से बेंगलुरु रवाना होंगे। सुजीत ने बताया कि फ्लाइट छूटने के बाद उन्होंने झारखंड और नेशनल बोर्ड से बातचीत की। उनको अपनी परेशानी बताई। बोर्ड ने कहा कि उनको किसी भी हाल में आज बेंगलुरु पहुंचना होगा। बाकी खिलाड़ी कैंप के लिए पहुंच चुके हैं। सुजीत ने बताया कि वार्ड पार्षद पप्पू सिंह ने उनके लिए एयर एशिया फ्लाइट में दूसरी टिकट का इंतजाम करवाया। सुजीत ने बताया कि वे जल्दी कैंप से जुड़ना चाहते हैं।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!