गुमला। जिले के किसान शिवनाथ उरांव की पत्नी समेत तीन लोगों की महज छह दिनों में बारी-बारी से असमय मौत से गांव में दहशत का माहौल है। घटना गुमला जिला अंतर्गत सिसई ब्लॉक स्थित नगर पंचायत के गोखुलपुर पतराटोली गांव की है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को परिवार की एक बेटी अमृता कुमारी (13 वर्ष), शनिवार को मां तेतरी देवी (40 वर्ष) और सोमवार को दूसरी बेटी शांति कुमारी (8 वर्ष) की अचानक मौत हो गयी। मौत से पूर्व सभी ने बुखार, पेट दर्द और बदन दर्द की शिकायत की थी।
पिता ने भी कर ली थी आत्महत्या
उल्लेखनीय है कि तीन वर्ष पूर्व फरवरी 2019 में पीड़ित परिवार के मुखिया शिवनाथ उरांव ने आर्थिक तंगी और कर्ज में डूबकर पत्नी के अलावा पांच बेटी एवं एक बेटा को छोड़कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शिवनाथ उरांव के आत्महत्या करने पर तत्कालीन सिसई विधायक सह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ दिनेश उरांव, पूर्व शिक्षा मंत्री सह मांडर विधायक बंधु तिर्की, पूर्व विधायक सह शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव सहित कई लोग गांव आकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, आवास, पेंशन सहित अन्य सरकारी मदद दी थी।
भूत-प्रेत, जादू टोना की चर्चा
घटना को लेकर गांव के कुछ लोग जादू टोना, भूत प्रेत व अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं, तो वहीं कुछ ग्रामीण महामारी, दूषित जल पीने व चिकित्सा सुविधा की कमी को लेकर जोड़कर देख रहे हैं। अनाथ हुए बच्चों के भविष्य को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जतायी है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!