हजारीबाग। जाको रखे साईया मार सके ने कोई का कहावत आज चौपरण में देखने को मिला। जहां आगे और पीछे से एक कार ट्रक से टकरा गयी। लेकिन उसके अंदर बैठे चारों लोग सुरक्षित रहे। चौपारण में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में एक परिवार बाल-बाल बच गया। चौपारण के जीटी रोड पर दनुआ घाटी में आज सुबह 9 बजे दो बच्चों के साथ पति-पत्नी वैगनआर कार से रांची से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने पीछे से वाहन में टक्कर मार दी। इसमें कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टकरा गई। दो तरफा हादसे में कार का अगला और पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लेकिन कार में सवार सभी चारों लोग पूरी तरह से सुरक्षित बच गए। कार की स्थिति देखकर यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि ऐसी भयानक दुर्घटना में सभी लोग जीवित बच गए होंगे। चारों लोगों को हल्की चोटें आई हैं। कार के अंदर चंद्रप्रकाश 35, पत्नी अंजू सिंह 33, 9 वर्षीय बेटी दिशा कुमारी एवं 5 वर्षीय बेटा चेतन यात्रा कर रहे थे। चंद्रप्रकाश ने बताया कि घाटी के पास अचानक कार को पीछे से ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस कारण कार आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टकरा गई। दोनों तरफ से हुई टक्कर में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लेकिन कार में सवार सभी 4 लोग सुरक्षित बच गए। पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक के रूक जाने के कारण कार सड़क पर पलटने से बच गई।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!