रांची नगर निगम की टीम ने किया दुकानदारों से बात, समतलीकरण का कार्य जारी
रांची। मोरहाबादी मैदान तथा आसपास की 28 जनवरी से बंद फुटपाथ दुकानें कल से खुल जाएगी। गत 27 जनवरी को गोलीबारी और अपराधी कालू लामा की हत्या के बाद जिला प्रशासन ने मोरहाबादी मैदान के आसपास की दुकानों को बंद करा दिया था। जिसके बाद दुकानदार और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा दुकानदारों के समर्थन में बयानबाजी की जा रही थी। दुकानदार भी दुकान खोलने की अनुमति देने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन करते रहे। फिर से दुकानें खोलने को लेकर रांची नगर निगम की टीम अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में आज मोरहाबादी मैदान पहुंची। दुकानों के लिए जमीन समतलीकरण का कार्य शुरू भी कर दिया गया। मोरहाबादी मैदान के बिजली सब-स्टेशन के सामने बिरसा मुंडा स्टेडियम की दीवार से सटे स्थान जहां साप्ताहिक बाजार के दौरात सब्जी विक्रेता दुकान लगाते हैं। वहां ठेले-खोमचे लगाए जाएंगे। दुकानदार भी इस जगह पर सहमत हैं। इस संबंध में दुकानदार संघ के अध्यक्ष कुमार रोशन ने कहा कि आज ही दुकानें निगम की दी हुई वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट कर दी जाएंगी। कल से दुकानें खोली जाएंगी।
एमटीएस वाले रोड में होगी बैरिकेडिंग
मोरहाबादी के गुटखा चौक के आसपास लगने वाली दुकानें को साप्ताहिक हॉट वाले एरिया में लगाया जाएगा। क्योंकि, यहां दो दिन ही बाजार लगता है। इसलिए 5 दिन किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। वहीं, साप्ताहिक बाजार के दिन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के सामने हरिहर सिंह रोड निकलने वाले रोड जिसमें एमटीएस और पेयजल विभाग का कार्यालय है। उससे 2 दिन बैरिकेडिंग किया जाएगा। ताकि बाजार आने वाले लोग आसानी से खरीदारी कर सके और दुकानदारों को भी सब्जी व अन्य सामग्री बेचने में परेशानी नही हो।
स्टेट गेस्ट हाउस के आसपास नो वेंडिंग जोन घोषित
स्टेट गेस्ट हाउस, गुटखा चौक से लेकर बापू वाटिका तक के एरिया को नो वेंडिंग जोन घोषित किया गया है। इस एरिया में ठेला खोमचा या किसी भी प्रकार की दुकानें नहीं लगाने दी जाएंगी। नगर निगम की ओर से सभी दुकानदारों को कहा गया है कि जल्द से जल्द वेंडर मार्केट बनाकर स्थाई रूप से उन्हें उसमें बसाया जाएगा।
वेंडिंग जोन-नाईट मार्केट में बसाए जाएंगे दुकानदार
मोरहाबादी मैदान में बनने वाले वेंडिंग जोन व नाइट मार्केट में दुकानदारों को बसाया जाएगा। इसके बाद यहां रात में भी स्ट्रीट फूड और अन्य व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा। करीब 5 करोड़ की लागत से मोरहाबादी मैदान का सौंदर्यीकरण का कार्य हो रहा है। जिसमें वेंडर मार्केट, नाईट मार्केट और साइकिल ट्रैक आदि का निर्माण होना है। नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा है कि मोरहाबादी मैदान में सर्वे के अनुसार चिन्हित 289 दुकानदारों को निगम की ओर से बनाए जा रहे वेंडिंग जोन और नाइट मार्केट में बसाया जाएगा। 6 महीने में कार्य पूरा करने का निर्देश नगर आयुक्त की ओर से संवेदक को दिया गया है।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!