रांची। झारखंड सरकार के गृह विभाग के अधीन कार्यरत राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में वैज्ञानिक सहायकों की नियुक्ति के लिए झारखंड वैज्ञानिक सहायक प्रतियोगिता मुख्य परीक्षा (नियमित एवं बैकलाग) 24 फरवरी को होगी। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षा की तिथि की घोषणा कर दी। 15 हजार से कम आवेदन प्राप्त होने के कारण प्रारंभिक परीक्षा की बजाय केवल मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित अर्थात सीबीटी मोड में रांची के विभिन्न केंद्रों पर होगी। आवेदन देनेवाले अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र 19 फरवरी से आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। इससे पहले झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने आवेदन देनेवाले अभ्यर्थियों में 2,649 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द कर दिए हैं। इनके द्वारा आनलाइन आवेदन के क्रम में प्रारंभिक चरण की प्रक्रिया पूरी नहीं करने के कारण इनके आवेदन को रद्द कर दिया गया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इन पदों पर नियुक्ति के लिए दोबारा विज्ञापन दिसंबर माह में जारी किया था। इसके तहत आनलाइन आवेदन 31 दिसंबर से 17 जनवरी तक भरे गए थे।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!