चाईबासा। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सेवा देने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। कोल्हान विश्वविद्यालय में शोध पंजीकरण के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित करने पर सहमति बन गई है। यह परीक्षा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग(यूसीजी) की ओर से तय की गई वर्ष 2016 की नियमावली के अनुसार होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बताया गया कि आगामी मई माह तक यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से डीन सोशल साइंस प्रो.डा.आशा कुमार के नेतृत्व में इसके लिए कमेटी का गठन किया है। टीम की ओर से विश्वविद्यालय के सभी स्नातकोत्तर विभागों से शोध के लिए रिक्त सीटों का ब्यौरा मांगा गया था। बताया जा रहा है कि अलग-अलग विभागों में 100 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। इसके लिए जल्द ही आवेदन आमंत्रित किए जा सकते हैं। अप्रैल में प्रवेश परीक्षा संचालित करने की योजना है। कोल्हान विश्वविद्यालय में अब तक 2 शोध प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था। पहली परीक्षा वर्ष 2012 तथा दूसरी परीक्षा वर्ष 2016 में आयोजित की गई थी। यह तीसरी प्रवेश परीक्षा है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डा. पीके पाणि ने कहा कि कमेटी प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि अप्रैल 2022 में प्रवेश परीक्षा करा ली जाए।
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!