राँची : भाजपा ने साल 2024 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है. चाईबासा और देवघर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली के बाद से ही झारखंड में भाजपा ने मिशन 2024 की शुरुआत कर दी थी, लेकिन राज्य में मिशन 2024 का नेतृत्व कौन करेगा, इसे लेकर मंथन जारी है. बीते सप्ताह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए. झारखंड में भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का कार्यकाल 25 फरवरी को पूरा हो चुका है, ऐसे में यह माना जा रहा है कि जल्द ही झारखंड में भी नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है. चर्चा के मुताबिक, नए प्रदेश अध्यक्ष की रेस में प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का नाम सबसे आगे चल रहा है. वहीं वर्तमान में प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश को केंद्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है.
जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव नजदीक है, वहां भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष बदले हैं. बीते दिन राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष की कमान सीपी जोशी को सौंपी. वहां इसी साल चुनाव है. वहीं ओडिशा में मनमोहन सामल और बिहार में सम्राट चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. ओडिशा में 2024 विधानसभा चुनाव है, जबकि बिहार में दिसंबर 2025 में विधानसभा चुनाव होना है. दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष का भार संभाल रहे वीरेंद्र सचदेवा को स्थायी तौर पर प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार दे दिया गया है. दिल्ली में भी 2024 में विधानसभा का चुनाव होना है.
झारखंड में प्रदेश नेतृत्व की कमान किसी ओबीसी नेता को दी जा सकती है. वर्तमान में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी हैं, ऐसे में संगठन की कमान ओबीसी समुदाय के किसी सक्रिय और तेज-तर्रार नेता को दिए जाने पर विचार चल रहा है. एक सांसद का नाम इसी वजह से आगे चल रहा. संगठन के नेताओं की पसंद के तौर पर वे तेजी से उभरे हैं. सांसद के अलावा संगठन में रह चुके एक वरिष्ठ नेता और पिछली सरकार में मंत्री रहे एक युवा नेता के नाम की भी चर्चा प्रदेश अध्यक्ष के लिए चल रही है.
Have any thoughts?
Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!