24 घंटे में कोरोना के 3038 नए मामले, 9 मौतें

by Aaditya HridayAaditya Hriday

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3038 नए केस सामने आए हैं। इस दौरान 2069 लोग इस बीमारी से ठीक हुए हैं, जबकि 9 मरीजों की मौत हुई है। पिछले एक महीने नए केस में 9 गुना बढ़ोतरी हुई है। 3 मार्च को 334 नए केस सामने आए थे, जबकि 29 मार्च के बाद से रोजाना 3 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं।

नए केस में बढ़ोतरी के चलते पिछले एक महीने में एक्टिव केस में भी साढ़े 7 गुना की बढ़ोतरी हुई है। 3 मार्च को एक्टिव मरीजों की संख्या 2 हजार 686 थी, जो सोमवार को बढ़कर 21 हजार 179 हो गई है। यह संख्या अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा है। इससे पहले 23 अक्टूबर को एक्टिव केस 20 हजार 601 थे।

उधर, छत्तीसगढ़ के एक गर्ल्स हॉस्टल में सोमवार को 19 छात्राएं संक्रमित पाई गई हैं। सभी को क्वारैंटाइन किया गया है। इन छात्राओं के संपर्क में आने वाली दूसरे छात्रों की भी जांच की जा रही है।

40 दिन में 2 हजार से 20 हजार हुए एक्टिव केस
22 फरवरी को देश में सिर्फ 2 हजार एक्टिव केस थे, जो 2 अप्रैल को 20 हजार से ज्यादा हो गए। यानी सिर्फ 40 दिन में कोरोना के एक्टिव केस में 900% का इजाफा हो गया है। कल यानी सोमवार को एक्टिव केस 21 हजार से ज्यादा हो गए।

देश में सोमवार को मिले 3038 नए केस में से 2054 सिर्फ 5 राज्यों में मिले हैं। इनमें केरल सबसे आगे हैं। यहां 964 केस मिले हैं। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में 318, दिल्ली में 293, महाराष्ट्र में 248 और गुजरात में 231 केस शामिल हैं।

केरल: यहां 964 नए केस मिले हैं, 369 लोग ठीक हुए हैं और 5333 लोगों का इलाज चल रहा है। रविवार को भी केरल में 998 नए केस दर्ज किए गए थे। इससे पहले 7 अक्टूबर को केरल में 939 नए केस दर्ज किए गए थे।

हिमाचल प्रदेश: यहां 318 नए केस मिले हैं, 157 लोग ठीक हुए हैं और 171 लोगों का इलाज चल रहा है। रविवार को यहां 94 नए केस दर्ज किए गए थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 6.40% है।

दिल्ली: यहां सोमवार को 293 केस मिले हैं, 280 ठीक हुए हैं जबकि 11 केस एक्टिव हैं। एक दिन पहले यहां 429 नए केस मिले थे। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 18% से ज्यादा है। यानी टेस्टिंग के दौरान 100 में से 18 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार का कहना है कि कोरोना के खतरे को देखते हुए सरकार अलर्ट है। कोरोना से निपटने के लिए तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है।

महाराष्ट्र: यहां बीते दिन 248 नए केस मिले हैं, 203 लोग ठीक हुए हैं और 44 लोगों का इलाज चल रहा है। रविवार को यहां 562 नए केस दर्ज किए गए थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 9.69% है।

गुजरात: यहां 231 नए केस मिले हैं और 349 लोग ठीक हुए हैं। रविवार को यहां 301 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.49% है।

कोरोना केस बढ़ने के लिए नए वैरिएंट XBB 1.16 जिम्मेवार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि देश में कोविड के नए मामलों में बढ़ोतर के लिए कोरोना के नए वैरिएंट XBB 1.16 जिम्मेवार है। दिल्ली के एक सीनियर डॉक्टर डॉ. संदीप नायर ने कहा- कोरोना का यह जो स्ट्रेन आया है, उसने ज्यादा गंभीर रूप धारण नहीं किया है। कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या बढ़ रही है लेकिन लोगों में हल्के लक्षण देखें गए हैं, ज्यादातर लोग घर में ही दवाई लेकर ठीक हो रहे हैं। घबराने की कोई बात नहीं है।

Have any thoughts?

Share your reaction or leave a quick response — we’d love to hear what you think!

Your Opinion on this News...

You may also like

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More